
हाथरस 31 अक्टूबर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में अवैध मदिरा की बिक्री एवं अन्य अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश एवं जिलाधिकारी हाथरस के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने शिखरा, गुटेरा, नौगांव, नयाबाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित देशी एवं कंपोजिट शराब की दुकानों की सघन चेकिंग की। निरीक्षण के दौरान दुकानों पर व्यवस्थाओं की जांच की गई। साथ ही आबकारी विभाग की ओर से दुकानों की कैंटीन में साफ-सफाई बनाए रखने तथा अनावश्यक रूप से भीड़ का जमावड़ा नहीं होने देने के संबंध में संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।आबकारी विभाग ने आगामी त्योहारों को देखते हुए दुकानों पर नियमानुसार व्यवस्थाएं बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होने देने के निर्देश दिए। इस कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक सादाबाद आबकारी स्टाफ के साथ मौजूद रहे।










