Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 13 जुलाई। नगर पंचायत की ओर से रोडवेज बस स्टैंड के पास नवनिर्मित यात्री प्रतीक्षालय और आरओ शुद्ध पेयजल प्याऊ का सोमवार को लोकार्पण किया गया। सांसद अनूप प्रधान और विधायक गुड्डू चौधरी ने दोनों जन सुविधाओं का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रथम जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह आचार्य भी मौजूद रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर और फीता काटकर दोनों सुविधाओं का विधिवत उद्घाटन किया। लोकार्पण के बाद, अतिथियों ने बस स्टॉप शेल्टर और प्याऊ परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पांच पौधे भी लगाए। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगरों के विकास के साथ-साथ यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने गर्मी और बरसात में यात्रियों को सुरक्षित बैठने की व्यवस्था तथा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने को जनहित का महत्वपूर्ण कार्य बताया। उन्होंने नगर पंचायत के इस प्रयास की सराहना की। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राधा रमन अग्रवाल ने बताया कि रोडवेज बस स्टैंड पर आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय का पुनर्निर्माण कराया गया है। राहगीरों और यात्रियों को निशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरओ आधारित प्याऊ की स्थापना की गई है। अग्रवाल ने यह भी बताया कि परिसर में लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल के लिए ट्री गार्ड लगाए जाएंगे। नगर पंचायत के कर्मचारी उनकी निगरानी करेंगे ताकि पौधे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें। विधायक प्रदीप चौधरी ने जानकारी दी कि यह यात्री प्रतीक्षालय वीर गोकुला जाट के नाम से था और अब पुनः उन्हीं के नाम से जाना जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और भाजपा पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक दल के पूर्व जिलाध्यक्ष केशव देव चौधरी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, अनुज चौधरी, राकेश वर्मा, तपन जोहर, भूरा बघेल, रामसहाय चौधरी, मनोज चौधरी, पवन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्वागत किया गया और नगर के विकास कार्यों को आगे भी इसी प्रकार गति देने का संकल्प व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page