सिकंदराराऊ, 1 अगस्त। सिकंदराराऊ रेलवे स्टेशन पर करीब दो वर्षों से बंद पड़ी टिकट आरक्षण सुविधा को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथरस लोकसभा सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि को ज्ञापन सौंपा। भारतीय जनता पार्टी सिकंदराराऊ मंडल अध्यक्ष मुकुल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सांसद से जनहित में रेलवे आरक्षण केंद्र को शीघ्र पुनः शुरू कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि कासगंज और हाथरस के बीच लगभग 60 किलोमीटर की दूरी में सिकंदराराऊ एक प्रमुख रेलवे स्टेशन है। यहां कई लंबी दूरी की ट्रेनों का आवागमन होता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं। ऐसे में स्टेशन पर टिकट आरक्षण सुविधा बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से आरक्षण केंद्र बंद होने के कारण यात्रियों को रेलवे टिकट आरक्षित कराने के लिए अलीगढ़, कासगंज या हाथरस जाना पड़ता है। इससे यात्रियों का समय और धन खर्च होने के साथ ही उन्हें अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दूरदराज के यात्रियों को आरक्षण कराने के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है। मंडल अध्यक्ष मुकुल कुमार गुप्ता एवं भाजपा पदाधिकारियों ने सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि से आग्रह किया कि वह रेलवे विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर सिकंदराराऊ रेलवे स्टेशन पर बंद पड़ी टिकट आरक्षण सुविधा को जल्द से जल्द पुनः शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि आरक्षण केंद्र की बहाली से क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों को सीधे राहत मिलेगी। ज्ञापन पर मंडल अध्यक्ष मुकुल कुमार गुप्ता के साथ सूरज वार्ष्णेय, निर्मल दास, प्रवीण वार्ष्णेय, बृजमोहन गुप्ता, कमल नयन वार्ष्णेय, किशनवीर यादव, विपिन लाल, नीलम माहेश्वरी, कमलेश शर्मा, अभितेश राजाजी, वैभव वार्ष्णेय, नितिन पुंधीर, लोकेश जादौन, देवेंद्र सविता, प्रिंस ठाकुर सहित भाजपा के कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर मौजूद रहे।










