
हाथरस 21 अक्टूबर । खरीफ फसल के उत्पादन एवं उत्पादकता का सटीक आकलन करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने विकास खंड मुरसान के ग्राम दयालपुर में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसान के खेत में निर्धारित मानकों के अनुसार क्रॉप कटिंग कराकर फसल की उपज का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को उत्पादन के आकलन में पूरी पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ग्राम दयालपुर निवासी किसान भगवान सिंह के खेत पर पहुंचे, जहां उनकी उपस्थिति में निर्धारित क्षेत्रफल का चिह्नांकन कर धान की फसल की कटाई कराई गई। क्रॉप कटिंग प्रयोग के दौरान निर्धारित क्षेत्र से कुल 14.780 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। इस प्रयोग के माध्यम से निर्धारित क्षेत्रफल में धान की वास्तविक उत्पादकता का आकलन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने किसान से संवाद करते हुए कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग फसलों की वास्तविक उत्पादकता का वैज्ञानिक एवं विश्वसनीय आकलन करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसल उत्पादन का सही आकलन किया जाता है। साथ ही फसल बीमा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र किसानों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग प्रयोग निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों के अनुरूप पूरी निष्पक्षता से संपन्न कराए जाएं। आंकड़ों के संकलन में विशेष सावधानी बरती जाए, ताकि फसल उत्पादन का सटीक आकलन किया जा सके और किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की समस्या न आए।
क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया के संबंध में अपर सांख्यिकी अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत तहसील हाथरस के ग्राम दयालपुर में धान की फसल का क्रॉप कटिंग प्रयोग सीसीई एग्री एप के माध्यम से किया गया। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 10×10 मीटर के समबाहु त्रिभुजाकार क्षेत्र में फसल की कटाई कर उपज का आकलन किया गया। इस दौरान नायब तहसीलदार, अपर सांख्यिकी अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं फसल बीमा के जिला समन्वयक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




