हाथरस 21 अक्टूबर । शहर के गोशाला रोड स्थित बिजली मिल के सामने सत्संग भवन के पास मकान नंबर 2039 पर कथित रूप से कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। मकान मालिक आशीष कुमार अग्रवाल ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर शिवम, ओंकार सिंह और उनके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पीड़ित आशीष कुमार अग्रवाल के अनुसार, वह कैंसर और लीवर की बीमारी के चलते नोएडा में रहकर उपचार करा रहे हैं। उनके मकान की देखरेख लंबरदार गोल्डलाइन सिक्योरिटी के गार्ड और एक सफाई कर्मचारी करते हैं। आरोप है कि 15 अक्टूबर 2026 की शाम शिवम अपने तीन-चार साथियों के साथ मकान में घुस आया। इस दौरान आरोपियों ने कथित रूप से गार्डों पर कट्टा तान दिया और मकान के ताले तोड़ दिए। पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलने पर आरोपी मौके से भाग गए।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना का वीडियो मंडी गेट चौकी के प्रवीण कुमार ने बनाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले 15 सितंबर को शिवम अपने करीब 10 साथियों के साथ मकान पर कब्जा करने पहुंचा था। उस समय भी पुलिस के पहुंचने पर सभी मौके से फरार हो गए थे। आशीष कुमार अग्रवाल के मुताबिक, मामले में जनसुनवाई पोर्टल, एंटी भू-माफिया पोर्टल और ई-एफआईआर के माध्यम से भी शिकायत की गई है। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजा गया है। पीड़ित ने अपने केयरटेकर देवेंद्र गुप्ता निवासी पुराना मिल कंपाउंड को इस मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए अधिकृत किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच और आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी।









