
हाथरस 21 अक्टूबर । शहर के रामलीला मैदान स्थित मानवता साड़ी सेंटर पर साड़ी वापस करने को लेकर हुए विवाद के बाद महिला ग्राहक और उनके स्वजन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। घटना मंगलवार की बताई गई है, जबकि पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई की। कमला बाजार निवासी विशाल वार्ष्णेय की ओर से कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार, मंगलवार शाम उनकी भाभी दीपाली वार्ष्णेय और भतीजी भूमि वार्ष्णेय साड़ी खरीदने रामलीला मैदान स्थित मानवता साड़ी सेंटर गई थीं। साड़ी वापस करने को लेकर दुकान पर विवाद हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर उनके भतीजे यश वार्ष्णेय, हिमांशु वार्ष्णेय और निकुंज वार्ष्णेय भी मौके पर पहुंच गए।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दुकान पर मौजूद मानव, विक्की, हिमांशु, बादल, पंकज और कुछ अन्य कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विशाल वार्ष्णेय और उनके छोटे भाई विवेक वार्ष्णेय जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलने पर हाथरस गेट और सदर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में महिला दीपाली वार्ष्णेय को भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विजय वार्ष्णेय की पत्नी बताया गया है। घटना के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में है।
सीओ सदर हिमांशु माथुर ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने मामले में मानव, विकास और बादल निवासी आशीर्वाद गार्डन तथा गोलू निवासी सुजाता अस्पताल के निकट को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। मारपीट से जुड़े आरोपों और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।









