Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 सितम्बर। चंदपा क्षेत्र में कथित झोलाछाप के इलाज के बाद युवक की मौत के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज स्वजन और ग्रामीण सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की। मामला 30 अगस्त 2026 की सुबह का है। स्वजन के अनुसार चिंता की गढ़ी निवासी सोनू की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद स्वजन उसे परसारा स्थित एक क्लिनिक पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि क्लिनिक संचालक ने खुद को चिकित्सक बताकर सोनू को दवा देने के साथ तीन इंजेक्शन लगाए और उसे घर ले जाने की सलाह दी। स्वजन का कहना है कि घर पहुंचते ही सोनू की हालत और बिगड़ गई तथा उसके मुंह से झाग आने लगा। इसकी जानकारी कथित झोलाछाप को दी गई, लेकिन आरोप है कि वह मरीज को देखने नहीं आया। इसके बाद ग्रामीण नाहर सिंह उसके घर पहुंचे तो आरोपित क्लिनिक बंद कर फरार हो चुका था। सोनू की गंभीर हालत को देखते हुए स्वजन उसे आगरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन शव लेकर कोतवाली चंदपा पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्वजन ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। स्वजन का आरोप है कि इसके बाद वे लगातार पुलिस के चक्कर लगाते रहे, लेकिन मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और उन्हें टालमटोल का सामना करना पड़ा। कार्रवाई न होने से नाराज स्वजन और दर्जनों ग्रामीण सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page