Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 जून । अलीगढ़ रोड स्थित सेंट मार्क्स चर्च में “यीशु के साथ चलना” थीम पर आधारित तीन दिवसीय अवकाशकालीन बाइबिल पाठशाला (Vacation Bible School) का शुभारंभ डायसिस ऑफ आगरा के डीन पास्टर अमन प्रसाद एवं प्रेस्वीटर इंचार्ज पास्टर नथेनियल दास द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में 5 से 16 वर्ष आयु वर्ग के 50 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से अलीगढ़ से आए प्रशिक्षकों अमोश, अभिषेक एवं ऋतिक द्वारा गीत-संगीत, एक्शन सॉन्ग, नाटक, पेंटिंग तथा फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया। बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों और मनमोहक नृत्य के माध्यम से सभी का दिल जीत लिया। मुख्य अतिथि डीन पास्टर अमन प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि प्रेम, क्षमा और सत्य के मार्ग पर चलना ही वास्तव में यीशु के साथ चलना है। उन्होंने बच्चों को नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रेस्वीटर इंचार्ज नथेनियल दास ने बताया कि शिविर के दौरान बच्चों को मसीही शिक्षा, नैतिक शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता तथा बाइबिल के माध्यम से प्रभु यीशु मसीह के जीवन और उनके संदेशों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का स्वागत सुप्रिया दास एवं ममता दास ने पुष्पमालाएं पहनाकर किया। शिविर के सफल आयोजन में टीचर सोनी राज, मोनिका, कोमल डेनी एवं आशीष मसीह का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर ईवेंजलिस्ट रविकांत क्रिस्टोफर, राजपाल शमूएल, डेविड दास, रोजी, रेवल जस्टिस, अविनाश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन टीचर सोनी राज द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page