
हाथरस 18 जून । जनपद में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा डायल-112 सेवा को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय द्वारा हाथरस पुलिस को पांच नई पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं। आज पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित पुलिस कार्यालय से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी योगेन्द्र कृष्ण नारायण, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस की अत्याधुनिक आपातकालीन सेवा डायल-112 आमजन को चौबीसों घंटे त्वरित सहायता प्रदान कर रही है। इस सेवा के माध्यम से पुलिस, अग्निशमन, एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाएं एक ही नंबर 112 पर उपलब्ध हैं। नागरिक मोबाइल से 112 डायल कर अथवा “112 इंडिया” मोबाइल ऐप के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि नई प्राप्त पांच पीआरवी गाड़ियों में से एक-एक वाहन थाना हाथरस गेट, सिकंद्राराऊ, सादाबाद, सहपऊ एवं कोतवाली नगर को आवंटित किया गया है। ये सभी वाहन अत्याधुनिक जीपीएस सिस्टम, वायरलेस सेट, हाई इंटेंसिटी लाइट्स, सायरन सिस्टम एवं अन्य आधुनिक पुलिसिंग उपकरणों से सुसज्जित हैं। इन वाहनों की तैनाती से आपातकालीन स्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक मजबूत होगी तथा घटनास्थल पर पुलिस की पहुंच पहले से अधिक तेज हो सकेगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नई पीआरवी गाड़ियों के संचालन से अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी। साथ ही आमजन को संकट की स्थिति में शीघ्र एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराना संभव हो सकेगा।
Next News :-प्रधानमंत्री मोदी के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का समापन
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101









