
हाथरस 18 जून । हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान एक यात्री अचानक संतुलन खो बैठा और ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच बने गैप में फंस गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यात्री ट्रेन की सीढ़ियों के पास फंस गया था। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारी और स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सभी के संयुक्त प्रयासों से काफी मशक्कत के बाद फंसे हुए यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते बचाव कार्य शुरू हो जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और यात्री की जान बच गई। यात्री के सुरक्षित बाहर आने के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि बचाव कार्य में कुछ सेकंड की भी देरी हो जाती तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी। मौके पर मौजूद कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ने और उतरने के लिए जागरूक करता रहा है। यह घटना एक बार फिर रेलवे यात्रियों के लिए सतर्कता और सुरक्षा नियमों के पालन का महत्वपूर्ण संदेश देती है।
Next News :-हाथरस पुलिस को मिली 5 नई पीआरवी गाड़ियां, एसपी ने दिखाई हरी झंडी
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101









