
अलीगढ़ 07 मई । मंगलायतन विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा संचालित रेडियो नारद 90.4 एफएम ने स्मार्ट एनजीओ के कार्यक्रम “सेहत सही लाभ कई” के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेसवां में आयुष्मान कार्ड एवं स्वास्थ्य देखभाल को लेकर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
रेडियो नारद के आरजे नीलकांत तिवारी और स्वयंसेवक यश जयसवाल ने लोगों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मिलने वाली सुविधाओं, आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया तथा इसके माध्यम से मिलने वाले निःशुल्क उपचार की जानकारी दी। साथ ही, लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता और समय पर इलाज के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम विभागाध्यक्ष प्रो. जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। रेडियो नारद और स्मार्ट एनजीओ की यह पहल ग्रामीण समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

























