Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जून। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में फिरोजाबाद निवासी बाइक सवार कारोबारी की मौत हो गई। हादसा हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव लहरा के निकट हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजकुमार शर्मा (60 वर्ष) पुत्र डोरी लाल शर्मा निवासी शिव नगर, जलेसर रोड, फिरोजाबाद के रूप में हुई है। वह कांच के कारोबार से जुड़े हुए थे और किसी आवश्यक कार्य से बाइक द्वारा फिरोजाबाद से अलीगढ़ जा रहे थे। बताया गया कि जब वह आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर गांव लहरा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजकुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस एवं पुलिस को सूचना दी। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि राजकुमार शर्मा अपने पीछे चार संतानों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असमय मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन की पहचान कर उसके चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page