
हाथरस 21 जून। चर्चित हार्डवेयर कारोबारी सुनील हत्याकांड में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुखवीर फौजी को हाथरस पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी कुछ दिनों पहले मथुरा रोड स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में मृतक के परिजनों ने इंसाफ की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन भी किया था और प्रशासन व योगी सरकार से आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की थी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व मुरसान कस्बे के हार्डवेयर कारोबारी सुनील की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे लेनदेन का विवाद सामने आया था। घटना के संबंध में मृतक के भाई विकास कुमार ने थाना मुरसान में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि तीन लोग उनके भाई को घर से बुलाकर ले गए और गोली मारकर हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरसान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुखवीर फौजी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार ग्राउंड इंटेलिजेंस, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुरसान पुलिस एवं एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। इसी दौरान दयालपुर पेट्रोल पंप के पास पटा खास चौराहे पर आरोपी की घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। क्षेत्राधिकारी सादाबाद जे.एन. अस्थाना ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी सुखवीर फौजी के दोनों पैरों में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान आरोपी द्वारा की गई फायरिंग से पुलिस वाहन तथा थाना प्रभारी मुरसान की बुलेटप्रूफ जैकेट भी क्षतिग्रस्त हुई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, मृतक सुनील का पर्स तथा एक हीरो पैशन मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी को सुनील हत्याकांड के खुलासे में बड़ी सफलता माना जा रहा है।


























