
सिकंदराराऊ (हसायन) 22 अप्रैल । थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जलेसर-सिकंदराराऊ मार्ग पर स्थित गांव सिधौली के निकट मंगलवार को दिनदहाड़े 2.21 लाख रुपये की लूट की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। जरीनपुर भुर्रका निवासी दूध कारोबारी उपेंद्र कुमार ने आरोप लगाया था कि जब वह पुरदिलनगर स्थित एसबीआई और एक जन सेवा केंद्र से रुपये निकालकर घर लौट रहा था, तब बाइक सवार तीन युवकों ने उसे तमंचे की बट से मारकर घायल कर दिया और नकदी लेकर फरार हो गए। घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े युवक को परिजनों ने अस्पताल पहुँचाया और पुलिस को सूचना दी।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोतवाली प्रभारी गिरीश चन्द्र गौतम और पुलिस क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की। हालांकि, जब पुलिस ने पीड़ित युवक से कड़ाई से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया, तो कहानी संदिग्ध नजर आई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि गहन पूछताछ के दौरान युवक टूट गया और उसने स्वीकार किया कि लेनदेन के विवाद के चलते उसने लूट का यह झूठा नाटक रचा था। युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस को लिखित में भी दे दिया है। पुलिस अब इस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।























