Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 08 मई । विकासखंड क्षेत्र के स्थानीय कस्बा स्थित पंडित दीनदयाल तिराहा मार्ग के पास संचालित एक खाद-बीज दुकान पर किसानों के आर्थिक शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान संचालक किसानों को यूरिया खाद सरकारी दर से अधिक कीमत पर बेच रहा था तथा खाद के साथ जबरन लगेज उर्वरक भी दे रहा था। इस मामले का एक वीडियो क्लिप भी वायरल हुआ है, जिसमें दुकानदार यूरिया खाद ₹300 में तथा साथ में ह्यूमिक उर्वरक ₹250 का बताते हुए दिखाई दे रहा है। किसानों का आरोप है कि निजी खाद-बीज दुकानदार अतिरिक्त अवैध वसूली कर उनका आर्थिक शोषण कर रहे हैं, जबकि कृषि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। किसानों ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कृषि से जुड़ी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की कथित मिलीभगत के चलते किसानों को सरकारी दर पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और योजनाओं का लाभ भी सीमित किसानों तक ही पहुंच रहा है। ऐसे में छोटे और जरूरतमंद किसानों का लगातार शोषण हो रहा है। मामले को लेकर किसानों में रोष व्याप्त है और अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। इस संबंध में कृषि उपनिदेशक निखिल तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो क्लिप के आधार पर संबंधित दुकानदार को नोटिस जारी कर दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि भविष्य में वह व्यापार न कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page