सिकंदराराऊ 06 मई । अलीगढ़ रोड स्थित गांव हुसैनपुर के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉला के पहिए का बेरिंग बदल रहे चालक को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सुखवीर का उपचार अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। अलीगढ़ के थाना जवां अंतर्गत गांव सोगरा निवासी नितिन कुमार ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 14 अप्रैल की सुबह उनका छोटा भाई सुखवीर सिकंदराबाद से सीमेंट लादकर सिकंदराराऊ आ रहा था। रास्ते में बेरिंग टूटने के कारण उसने सड़क किनारे संकेतक (इंडिकेटर) लगाकर ट्रॉला खड़ा किया और उसे ठीक करने लगा। इसी दौरान अलीगढ़ की ओर से आई तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






















