
हाथरस 06 मई । जनपद में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने वाला है, जिसे लेकर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कानपुर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र ने हाथरस के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार, 06 और 07 मई को जिले में तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। हालांकि, अगले पांच दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान 32°C से 39°C के बीच रहेगा, जो सामान्य से 3-4 डिग्री कम होने के कारण भीषण गर्मी से राहत दिलाएगा, लेकिन 6 से 14 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाएं चिंता का विषय हैं। मौसम की इस अनिश्चितता को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मक्का, उड़द और मूंग जैसी खड़ी फसलों में सिंचाई स्थगित रखने तथा गेहूं और अरहर जैसी तैयार फसलों की तत्काल कटाई कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर तिरपाल से ढंककर रखने की सलाह दी है। साथ ही, बारिश की संभावना के चलते कीटनाशकों का छिड़काव न करने और आम के बागों में तेज हवा के दौरान सावधानी बरतते हुए हल्की सिंचाई करने के निर्देश दिए गए हैं।























