
हाथरस 07 जुलाई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार सुबह से जिले में विशेष निरीक्षण अभियान चलाकर विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान मिलावट की आशंका के चलते छह खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। विभागीय टीम ने सलेमपुर से मुरब्बा और चटनी, इंडस्ट्रियल एरिया से मुरब्बा, ढकपुरा रोड से चटनी, जय हनुमान फूड, नगला अलगर्जी से ब्राइन मैंगो तथा आगरा रोड से आंवला मुरब्बा का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा। निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिकूल खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसमें एक टैंक चटनी, लगभग ढाई क्विंटल चीनी की चाशनी तथा करीब दो क्विंटल खराब आम शामिल थे। इसके अलावा नगला अलगर्जी में लगभग 10 क्विंटल मिश्रित अचार भी नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही सभी खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और गुणवत्ता के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















