Hamara Hathras

Latest News

सासनी 05 मई । सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने की चाहत और चंद लाइक्स की भूख युवाओं को अपराध की दलदल में धकेल रही है। ताजा मामला सासनी कोतवाली क्षेत्र का है, जहां एक युवक का बाइक पर सवार होकर खुलेआम तमंचा लहराते हुए रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने न केवल कानून व्यवस्था को सीधी चुनौती दी है, बल्कि पुलिस प्रशासन को भी सतर्क कर दिया है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ में अवैध हथियार (तमंचा) लेकर बाइक चला रहा है और फिल्मी अंदाज में अपनी रील बनवा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि इस तरह की अश्लील और हिंसक हरकतें समाज में गलत संदेश दे रही हैं और अन्य किशोरों व युवाओं को गलत रास्ते पर जाने के लिए उकसा रही हैं।

हैरानी की बात यह है कि हाथरस पुलिस द्वारा पूर्व में भी इस तरह के कई मामलों में आरोपियों को जेल भेजने और शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने जैसी सख्त कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद सासनी के इस वायरल वीडियो ने साफ कर दिया है कि युवाओं के मन में कानून का डर कम होता जा रहा है। बुद्धिजीवियों का मानना है कि युवाओं को रील के इस जानलेवा जोखिम के बजाय अपने करियर पर ध्यान देने की सख्त जरूरत है। वीडियो वायरल होने के बाद सासनी पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। थाना प्रभारी सासनी, विपिन चौधरी ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है और सघन जांच पड़ताल जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page