
हाथरस 01 मई । जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महो के निकट शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहाँ एक तेज रफ्तार टेंपो बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दुर्घटना में टेंपो में सवार आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, टेंपो एटा जिले के जलेसर से सवारियां लेकर हाथरस जंक्शन की ओर आ रहा था, तभी महो गांव के पास सामने से आई बाइक को बचाने के चक्कर में चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को टेंपो से बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों की टीम उनके उपचार में जुटी है। घायलों में पवलोई (जंक्शन), किशनपुर (अलीगढ़) और गहला (एटा) निवासी महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं।





















