
सासनी 28 अप्रैल । क्षेत्र के लुटसान रोड पर मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 30 वर्षीय महिला अचानक मोबाइल टावर की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ गई। महिला को टावर पर देख ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। करीब तीन घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद, जब पुलिस महिला के प्रेमी को मौके पर लेकर आई, तब जाकर महिला नीचे उतरी और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
ससुराल से निकलकर टावर पर चढ़ी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरमाना निवासी पूजा पत्नी यशपाल दोपहर में अचानक अपनी ससुराल से निकल आई और लुटसान रोड पर स्थित एक नेटवर्क टावर पर चढ़ गई। महिला को इतनी ऊंचाई पर बैठा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी और फायर ब्रिगेड की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस और परिजनों ने घंटों महिला को नीचे उतारने की मिन्नतें कीं, लेकिन वह टस से मस नहीं हुई।

परिजनों की गुहार रही बेअसर
महिला के पिता राजेंद्र और भाई ने फोन के माध्यम से उसे नीचे उतरने की बार-बार गुहार लगाई, लेकिन महिला अपनी जिद पर अड़ी रही। पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी दो साल पहले बरमाना निवासी यशपाल से की थी। टावर के नीचे खड़े परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं पुलिस प्रशासन लगातार महिला को सुरक्षित उतारने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा था।

प्रेमी के आते ही मानी महिला
जब तमाम कोशिशें नाकाम रहीं, तब पुलिस महिला के प्रेमी जय प्रकाश उर्फ सेपू पुत्र कांति प्रसाद (निवासी समामई) को मौके पर लेकर आई। प्रेमी के आते ही महिला से फोन पर बात कराई गई, जिसके बाद वह नीचे उतरने को राजी हुई। पुलिस अभिरक्षा में महिला के सुरक्षित नीचे उतरते ही अधिकारियों और परिजनों ने चैन की सांस ली। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि महिला को सुरक्षित उतार लिया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
























