Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 अप्रैल । भीषण गर्मी के इस दौर में आमजनों और राहगीरों को राहत देने के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर शुद्ध पेयजल की टंकियों का निर्माण तो कराया गया है। शहर के कई इलाकों में इन पेयजल स्थलों की दुर्दशा ऐसी है कि वहां पानी पीना तो दूर, गंदगी के कारण खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है। ऐसा ही नजारा शहर के मुरसान गेट नया मिल स्थित पेयजल टंकी पर देखने को मिल रहा है। पालिका ने इस टंकी के निर्माण पर काफी पैसा खर्च किया है, ताकि राहगीरों को ठंडा पानी मिल सके। विडंबना यह है कि इस टंकी के ठीक पास आसपास के क्षेत्र का कूड़ा-करकट डाला जा रहा है। सफाई कर्मियों द्वारा कूड़ा केवल रात्रि में उठाया जाता है, जिसके चलते दिनभर वहां गंदगी और दुर्गंध का आलम रहता है। इसके कारण प्यासे राहगीर टंकी के पास जाने से भी कतरा रहे हैं।

इस अव्यवस्था पर कड़ा रोष जताते हुए संघ सह जिला योग प्रमुख एवं एडीएचआर के संयोजक (वार्ड नंबर 31) राजेश वार्ष्णेय ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों के लिए पानी की व्यवस्था करना सराहनीय है, लेकिन गंदगी के बीच ऐसी टंकियों का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि गंदगी के कारण लोग वहां खड़े भी नहीं हो पा रहे हैं, जो सीधे तौर पर जनता के पैसे का दुरुपयोग है। श्री वार्ष्णेय ने नगर पालिका अध्यक्ष से मांग की है कि पेयजल स्थलों के पास नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जनता को इस सुविधा का वास्तविक लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page