Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 26 अप्रैल । कस्बे के नौरंगाबाद पूर्वी में ई-रिक्शा हटाने की बात कहना कार सवार युवक को भारी पड़ गया। ई-रिक्शा चालक ने पत्नी और दो भाइयों के साथ मिलकर युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में युवक लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने चारों आरोपितों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। अलीगढ़ के सारसौल स्थित साईं विहार निवासी धर्मेंद्र कुमार शनिवार को अपनी ससुराल नौरंगाबाद पूर्वी सिकंदराराऊ में एक शादी समारोह में आए थे। वापसी में जब वह अपनी कार निकाल रहे थे, तभी सामने से नौरंगाबाद पूर्वी निवासी इंद्रपाल ई-रिक्शा लेकर आ गया और रास्ता रोक दिया। धर्मेंद्र ने इंद्रपाल से ई-रिक्शा साइड में हटाने को कहा। आरोप है कि इस पर इंद्रपाल भड़क गया और गाली-गलौज व अभद्रता करने लगा। धर्मेंद्र ने विरोध किया तो इंद्रपाल ने अपनी पत्नी और दोनों भाइयों सोनू व संदीप को बुला लिया। मौके पर पहुंचते ही चारों ने धर्मेंद्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में धर्मेंद्र लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित धमकी देते हुए भाग गए। घायल धर्मेंद्र ने कोतवाली पहुंचकर इंद्रपाल, उसकी पत्नी, सोनू और संदीप के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घायल का मेडिकल कराया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page