Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 24 अप्रैल । नगर पंचायत हसायन के मोहल्ला कोलियान में एक टैग लगी आवारा गाय की मौत होने का मामला सामने आया है। गाय की मृत्यु को लेकर स्थानीय समाजसेवियों और गौरक्षकों ने हत्या की आशंका जताते हुए गहरा रोष व्यक्त किया है। सूचना पर पहुँची पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मृतक गाय का पोस्टमार्टम कर उसे रीति-रिवाज के साथ दफनाया। राष्ट्रीय हिंदू साम्राज्य के संस्थापक अनमोल गुप्ता ने कोतवाली में लिखित तहरीर देते हुए बताया कि मृत गाय के कान में टैग (नंबर 105109869582) लगा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी पशुपालक द्वारा गाय को आवारा छोड़ दिया गया था और क्षेत्रीय पशु चिकित्साधिकारी द्वारा समय पर उपचार न मिलने के कारण उसकी मृत्यु हुई। उन्होंने मांग की कि टैग नंबर के आधार पर गाय के मालिक को चिन्हित कर उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाए। अनमोल गुप्ता ने कहा कि जिलाधिकारी के आदेशानुसार सभी निराश्रित गोवंश को गौशाला पहुँचाने के निर्देश हैं और जो भी पशुपालक अपने पशु को आवारा छोड़ता है, उसके खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में कानूनी कदम नहीं उठाए गए, तो वे अपने पदाधिकारियों के साथ थाना हसायन और पशु चिकित्सालय पर धरना देने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम का कहना है कि मृतक गाय का पोस्टमार्टम कराते हुए विधिपूर्वक निस्तारण करा दिया गया है। वहीं, मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है। मौके पर अंकित सिंह, हेमंत सक्सेना, ओम, बंटी आदि पदाधिकारी एवं समाजसेवी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page