
हाथरस 24 अप्रैल । हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के महौं गांव में दामाद की मारपीट से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मृत्यु हो गई। घटना दो दिन पहले की है, जब घरेलू विवाद के दौरान दामाद ने अपने ससुर पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने देर रात दम तोड़ दिया। मृतक प्यारे लाल (75) पुत्र सुखराम गांव महौं के रहने वाले थे। परिजनों के मुताबिक उनका दामाद भी उनके साथ ही रहता था और नशे का आदी था। वह आए दिन किसी न किसी बात पर झगड़ा करता था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद दामाद ने उनके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में घायल होने के बाद परिजन उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान देर रात उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के बेटे प्रमोद ने आरोप लगाया है कि उनके पिता की हत्या छोटी बहन के पति ने की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















