
सिकंदराराऊ 21 अप्रैल । शहर के जी.टी. रोड पर सोमवार की देर रात दबंग कार सवारों ने सरेराह गुंडागर्दी का नंगा नाच किया। अलीगढ़ जाने के लिए बस स्टैंड जा रहे परिवार की युवतियों से छेड़खानी का विरोध करने पर दबंगों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया और पूरे परिवार को बेरहमी से पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी अपनी कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दो नामजद सहित करीब 40 अज्ञातों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मोहल्ला रोशनगंज निवासी मौसम चंचल पुत्र राजकुमार चंचल ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 20 अप्रैल की रात करीब 10:15 बजे वह अपनी दो बहनों खुशबू और फूल चंचल, बहनोई बंटी व बच्चों को अलीगढ़ जाने के लिए बस में बैठाने जा रहा था। तभी कार (संख्या UP 16 DC 1094) अचानक उनके सामने आकर रुकी। कार सवार योगेंद्र पुत्र खजान सिंह, विजयपाल पुत्र सुरेंद्र व तीन अन्य अज्ञात युवकों ने उसकी बहनों को देखकर सीटी मारी और डिपर देकर अश्लील हरकतें करने लगे।
दुपट्टा खींचने का विरोध करने पर जानलेवा हमला
आरोप है कि जब दबंगों ने बहन का दुपट्टा खींचने की कोशिश की, तो मौसम ने इसका विरोध किया। इस पर आरोपियों ने उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और फोन कर 30 से 40 अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। हमलावरों ने मौसम और उसकी मां रानी चंचल पर पथराव शुरू कर दिया। इस बीच धारदार हथियार से मौसम के सिर पर जान से मारने की नीयत से वार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
पुलिस को देख कार छोड़ भागे आरोपी
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने उसके भाई ऋतुराज और मां-बहनों को भी बेल्टों व लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। दबंगों ने एक बहन को जबरन गाड़ी में डालने का भी प्रयास किया। इसी बीच छोटे भाई राहुल ने पुलिस को सूचना दे दी। कोतवाली पुलिस को मौके पर आता देख हमलावर अपनी कार मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
दो नामजद व 40 अज्ञातों पर मुकदमा
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर योगेंद्र और विजयपाल को नामजद करते हुए 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ दंगा, छेड़खानी, मारपीट और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद कार को कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
























