Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 अप्रैल । हाथरस नगर में आज बाबा श्री गोपेश्वर नाथ महादेव की भव्य पालकी शोभायात्रा अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ निकाली गई। ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोष के बीच बाबा गोपेश्वर नाथ ने दिव्य पालकी में विराजमान होकर नगर का भ्रमण किया, जिसके दर्शनों के लिए सड़कों पर भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। शोभायात्रा का शुभारंभ बागला कॉलेज रोड स्थित मंदिर परिसर से आचार्य पं० प्रदीप भारद्वाज द्वारा श्री गणेश पूजन व श्री रामचरितमानस पाठ के साथ हुआ। इसके पश्चात पालकी सासनी गेट, कमला बाजार, गुड़िहाई बाजार, मोती बाजार, नयागंज और मैण्डू गेट सहित नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरी, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर और आरती उतारकर बाबा का स्वागत किया। इस दौरान प्रेस क्लब ऑफ हाथरस के अध्यक्ष उमाशंकर जैन, मीडिया प्रभारी आशीष सेंगर और ऑडिटर जिनेन्द्र जैन ने भी बाबा की आरती उतारी और आयोजन समिति का पटका पहनाकर अभिनंदन किया।

श्री गोपेश्वर नाथ सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव की श्रृंखला में बुधवार, 22 अप्रैल को श्री पागल बाबा मंडली द्वारा हरिनाम संकीर्तन और गुरुवार, 23 अप्रैल को विशाल छप्पन भोग व फूल बंगला दर्शन का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में प्रमोद कौशिक, बृजेश चन्द्र मिश्र, पवन अग्रवाल, कृष्ण गोपाल सारड़ा, कुलदीप शर्मा और अमित अग्रवाल सहित समिति के तमाम सेवादारों का विशेष सहयोग रहा। समापन पर मंदिर परिसर में प्रसादी वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page