
हाथरस 21 अप्रैल । हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव बोनई में दहेज को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि विदाई के समय दूल्हे के भाई और जीजा ने स्विफ्ट डिजायर कार की मांग कर दी। पिता ने असमर्थता जताई तो हंगामे की स्थिति बन गई। हालांकि बाद में दुल्हन की विदाई करा दी गई। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित सोनू निवासी गांव बोनई ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का विवाह 19 अप्रैल 2026 को गांव द्वारिकापुर निवासी एक युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया था। पीड़ित के अनुसार, शादी में लड़के पक्ष की मांग के अनुसार 50 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, बाइक और गृहस्थी का पूरा सामान दिया गया। विवाह कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। आरोप है कि 20 अप्रैल को विदाई के समय दूल्हा पक्ष के भाई और जीजा ने अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए स्विफ्ट डिजायर कार की मांग कर दी। पीड़ित पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए असमर्थता जताई, जिस पर कुछ देर तक विवाद और हंगामेदार स्थिति बनी रही। परिवार के अन्य लोगों और रिश्तेदारों के समझाने पर मामला शांत हुआ और बाद में दुल्हन की विदाई कर दी गई। घटना के बाद पीड़ित पिता ने हाथरस जंक्शन थाने में तहरीर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। दहेज की मांग को लेकर विदाई के समय हुए विवाद की चर्चा क्षेत्र में हो रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
























