
हाथरस (मुरसान) 18 अप्रैल । कस्बे के प्रतिष्ठित आरबीएस पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा अर्पिता चौधरी ने एनडीए (NDA) परीक्षा में AIR-8 हासिल कर सफलता प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अर्पिता चौधरी की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। अर्पिता चौधरी सुपुत्री हरवीर सिंह (निवासी ग्राम दऊदा मुरसान) की इस सफलता पर विद्यालय परिसर में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर रजनेश कुमार और प्रधानाचार्य राजेश यादव ने अर्पिता चौधरी को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। शिक्षकों ने अर्पिता की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उन्हें अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। अर्पिता की यह सफलता उसकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। हमें गर्व है कि हमारे स्कूल की छात्रा अब देश की रक्षा में अपना योगदान देगी।


























