Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 अप्रैल । सीबीएसई बोर्ड (CBSE) द्वारा शिक्षकों की शिक्षण गुणवत्ता में सुधार हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सीबीएसई के दिल्ली स्थित उत्कृष्टता केंद्र द्वारा दिल्ली के एन.बी. पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला का विषय कक्षा प्रबंधन रहा, जिसमें प्रशिक्षण देने के लिए हाथरस के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद एवं प्रधानाचार्य श्री विक्रम सिंह को बोर्ड द्वारा ‘रिसोर्स पर्सन’ नियुक्त किया गया था। प्रिंसिपल विक्रम सिंह ने बोर्ड के मानकों के अनुरूप तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए शिक्षकों को प्रशिक्षित किया। उन्होंने अंग्रेजी भाषा में कंप्यूटर स्लाइड्स, ऑडियो और वीडियो क्लिप्स के माध्यम से विषय को अत्यंत रुचिकर ढंग से प्रस्तुत किया। पूरे प्रशिक्षण को पांच मुख्य उप-विषयों में विभाजित किया गया था, जिसमें कक्षा प्रबंधन के विभिन्न प्रकारों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यशाला के दौरान विक्रम सिंह ने कक्षा-कक्ष की भौतिक संरचनाओं, उनके लाभ-हानि और समसामयिक स्थितियों के अनुसार प्रबंधन की आधुनिक विधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एक प्रभावी कक्षा के लिए ‘अनुशासन’ जैसे अवयवों का सही और सकारात्मक प्रयोग किस प्रकार किया जाना चाहिए। प्रशिक्षण में दिल्ली के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजित गतिविधियों में अपनी सक्रिय ऊर्जा का प्रदर्शन किया। कार्यशाला के समापन पर रिसोर्स पर्सन विक्रम सिंह ने कहा कि सीबीएसई का यह कदम तभी पूर्णतः सार्थक होगा जब शिक्षक, विद्यार्थी के साथ-साथ अभिभावक भी आगे आएंगे, जिससे छात्रों का भविष्य उज्ज्वल और मार्ग प्रशस्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page