
हाथरस 29 मई । मथुरा रोड पर तेज रफ्तार कार ने ड्यूटी पर जा रहे हेड कांस्टेबल को टक्कर मार दी। जब कांस्टेबल ने पीछा कर आरोपित को पकड़ा तो वह शराब के नशे में धुत मिला और उसने गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी। पीड़ित हेड कांस्टेबल की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। थाना हाथरस जंक्शन पर तैनात हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार पुत्र बन्नीलाल निवासी मोहल्ला सराय वैरुनी डिबाई बुलंदशहर ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 मई 2026 की शाम वह अपनी बाइक से मथुरा रोड से थाना हाथरस जंक्शन की तरफ जा रहे थे। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रदीप कुमार पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर गिर गए। प्रदीप कुमार ने बताया कि टक्कर मारने के बाद कार चालक भागने लगा। उन्होंने पीछा किया तो चालक ने दोबारा उनकी बाइक में टक्कर मारकर कार तेज गति से भगा ले गया। बस स्टैंड के पास जब चालक को पकड़ा गया तो वह शराब के नशे में था। पकड़े जाने पर चालक ने अपना नाम हिमांशु बताया और कहा कि वह गैलेक्सी होटल पर काम करता है। आरोप है कि चालक ने गाली-गलौज और धमकी दी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया। हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित हिमांशु के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, शराब पीकर गाड़ी चलाने, सरकारी कर्मचारी से अभद्रता और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
Next News :-हाईवे पर ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, ताजमहल घूमकर लौट रहे थे तीनों दोस्त, दो घायल
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








