
हाथरस 29 मई । होम्योपैथिक जिला अस्पताल पिछले 12 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण अंधेरे में डूबा हुआ है। बिजली न होने से मरीजों, तीमारदारों एवं अस्पताल कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में पंखे बंद होने से मरीजों को बिना राहत के इलाज कराना पड़ रहा है, वहीं दवाओं के वितरण एवं अन्य व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार जिला अस्पताल परिसर में ट्रांसफार्मर फुंक जाने के बाद से होम्योपैथिक अस्पताल की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। विभागीय स्तर पर मरम्मत कार्य लंबित होने के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बिजली के साथ-साथ अस्पताल में पेयजल व्यवस्था भी ठप हो गई है, जिससे मरीजों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। होम्योपैथिक अस्पताल में प्रतिदिन करीब 150 मरीज ओपीडी के लिए पहुंचते हैं। बिजली न होने से पर्चा बनवाने से लेकर दवा वितरण तक की प्रक्रिया धीमी हो गई है और कर्मचारियों को मैनुअल तरीके से कार्य करना पड़ रहा है। गर्मी में बुजुर्ग एवं बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कई मरीज असुविधा के कारण वापस लौटने को मजबूर हैं। इसी परिसर में स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई थी, लेकिन वहां के प्रभारी द्वारा निजी प्रयासों से बिजली आपूर्ति सुचारू करा ली गई। वहीं होम्योपैथिक अस्पताल में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से मरीजों में नाराजगी देखी जा रही है। होम्योपैथिक अस्पताल के प्रभारी डॉ. अशोक चौहान ने बताया कि बिजली व्यवस्था बहाल कराने के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शनिवार तक बिजली आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी। मरीजों एवं तीमारदारों ने विभाग से बिजली एवं पानी की समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है, ताकि उन्हें इलाज के दौरान परेशानियों का सामना न करना पड़े।
Next News :-हाईवे पर ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, ताजमहल घूमकर लौट रहे थे तीनों दोस्त, दो घायल
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








