
सासनी 05 जून । गांव नगला नाई में तीन जून 2026 की शाम आयोजित एक जन्मदिन समारोह के दौरान हंगामा खड़ा हो गया, जब हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी ने मंच पर उनके साथ अभद्रता करने की कोशिश करने वाले एक युवक को जोरदार थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो खुद डिंपल ने अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर साझा किया है, जिसके बाद यह मामला इलाके और इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है। नगला नाई में एक जन्मदिन पर रागिनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें डिंपल चौधरी को प्रस्तुति के लिए बुलाया गया था। डिंपल जब मंच पर नृत्य कर रही थीं, तभी दर्शकों में से एक युवक मंच पर चढ़ आया और डांस के दौरान उनके बेहद करीब आकर गलत तरीके से छूने का प्रयास किया। डिंपल ने बिना देरी किए तुरंत पलटकर युवक के गाल पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इससे कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई और डिंपल अपना बैग उठाकर मंच से निकल गईं। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और बाद में डिंपल ने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो प्रसारित होने के बाद नगला नाई और पूरे सासनी क्षेत्र में यह मामला हाईलाइट हो गया। इंटरनेट मीडिया पर लोग लगातार वीडियो शेयर कर महिलाओं की सुरक्षा और कार्यक्रमों में उमड़ने वाली हुड़दंगी भीड़ पर सवाल उठा रहे हैं। कई यूजर ने डिंपल के साहस की तारीफ की, तो कुछ ने कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर नाराजगी जताई। सीओ सदर हिमांशु माथुर ने बताया कि प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। इस लापरवाही को देखते हुए आयोजक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Next News :-जमीन फर्जीवाड़े के आरोप में पूर्व विधायक व पूर्व चेयरमैन समेत आठ नामजद
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101






