सादाबाद 27 जून । कस्बे में हाथरस मार्ग स्थित नौगांव वाले दरोगा जी की मार्केट में शनिवार तड़के आग लग गई। आग विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण मार्केट के गोदाम में लगी, जिससे लाखों रुपये का कॉस्मेटिक, कपड़े, प्लास्टिक का सामान और बुक स्टोर का स्टॉक जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
यह बहुमंजिला परिसर राष्ट्रीय लोक दल के वरिष्ठ नेता अंकित चौधरी का है। परिसर के निचले हिस्से में विभिन्न व्यापारियों का सामान गोदाम के रूप में रखा हुआ था। प्रथम तल पर मार्केट संचालित होती है, जबकि दूसरे तल पर अंकित चौधरी अपने परिवार के साथ निवास करते हैं। अंकित चौधरी ने बताया कि शनिवार तड़के करीब 3:40 बजे उन्हें सोते समय गर्माहट महसूस हुई। कमरे से बाहर निकलने पर उन्होंने धुआं उठता देखा। नीचे जाकर देखने पर गोदाम में आग की लपटें उठ रही थीं। उन्होंने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की लगातार तीन गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाया। इस दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। आग से देवेंद्र कुमार निवासी बमनई मुरसान के गोदाम में रखा कॉस्मेटिक, कपड़े, प्लास्टिक का सामान और झूले पूरी तरह जल गए, जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रोफेसर कॉलोनी निवासी विमलेंद्र शर्मा के बुक स्टोर स्टेशनरी का गोदाम भी आग की चपेट में आ गया, जिससे उनका काफी स्टॉक नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की आगे की जांच कर रहे हैं।
























