हाथरस 11 अगस्त। थाना हसायन क्षेत्र के गांव हैदलपुर में मामूली विवाद को लेकर परिवार के ही लोगों पर एक युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। आरोप है कि लाठी और हंसिया से किए गए हमले में युवक के गाल पर खुली चोट आई है। पीड़ित ने थाना हसायन में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित देवेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन अगस्त की शाम वह अपने घर के चबूतरे पर बैठा था। इसी दौरान परिवार के नरेंद्र, टींकू, योगेश और टीटू पुत्र बच्चू सिंह उसके पास पहुंचे और कथित तौर पर बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगे। देवेंद्र के अनुसार, जब उसने गाली देने से मना किया तो चारों एकराय हो गए और लाठी व हंसिया से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके गाल पर खुली चोट आई। आरोप है कि मारपीट करने के बाद आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित डरा-सहमा रहा। इसके बाद 10 अगस्त को वह थाना हसायन पहुंचा और प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर पूरे मामले की जानकारी दी। देवेंद्र ने तहरीर में नरेंद्र, टींकू, योगेश और टीटू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101









