Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 अगस्त। सासनी थाना क्षेत्र के गांव छोटा बिर्रा की एक विवाहिता ने अपने पति और ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जबरन गर्भपात कराने और इलाज अधूरा छोड़कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। जोगिया मार्ग, रमनपुर निवासी लवली शर्मा पुत्री सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि उनकी शादी 9 दिसंबर 2022 को सासनी स्थित मां कैला देवी गेस्ट हाउस में गांव छोटा बिर्रा निवासी विशाल शर्मा पुत्र हरनारायण शर्मा के साथ हुई थी। पीड़िता के अनुसार, शादी में उनके परिवार ने करीब नौ लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें पांच लाख रुपये नकद के अलावा सोने की जंजीर, अंगूठी, कुंडल, चांदी की पाजेब और घरेलू सामान दिया गया था।

लवली का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति विशाल, ससुर, सास, देवर, ननद और फूफा द्वारा अतिरिक्त दहेज में तीन लाख रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर कथित तौर पर शराब और भांग के नशे में उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बाद ससुरालियों ने दो बार जबरन गर्भपात करा दिया। इसके बाद फरवरी 2026 में आईवीएफ उपचार के लिए ससुराल पक्ष ने उनसे 1.50 लाख रुपये लिए, लेकिन मार्च में इलाज बीच में ही छोड़ दिया गया। लवली के अनुसार, इलाज अधूरा छूटने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। आरोप है कि 13 मई 2026 को उनके देवर सोनू उन्हें मायके छोड़ गए और कथित तौर पर इलाज का खर्च उठाने में असमर्थता जताते हुए उन्हें वहीं छोड़ दिया। पीड़िता ने बताया कि वर्तमान में उनका उपचार गावर, स्नेह हॉस्पिटल हाथरस के बाद अब महानंदन हॉस्पिटल नोएडा में चल रहा है। उन्होंने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर पति और ससुरालियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई तथा न्याय दिलाने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page