
हाथरस 18 जून । जायंट्स इंटरनेशनल के संस्थापक एवं प्रेरणा स्रोत पद्मश्री नाना चूड़ास्मा जी के जन्मदिवस के अवसर पर उनके सेवा, परोपकार और मानवता के आदर्शों को नमन करते हुए जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस गूंज द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। संस्था की चार्टर दीप्ति वार्ष्णेय के सहयोग से आयोजित इस शिविर में युवाओं, महिलाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिससे कई यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। संस्था की चार्टर दीप्ति वार्ष्णेय ने स्वयं रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पद्मश्री नाना चूड़ास्मा केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की ऐसी ज्योति हैं, जिसकी रोशनी आज भी समाज को दिशा प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस भावना से जायंट्स संस्था की स्थापना की गई थी, उसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए रक्तदान जैसे जनहितकारी कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। वक्ताओं ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। रक्तदान न केवल जीवन बचाने का माध्यम है, बल्कि यह समाज में मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी को भी मजबूत करता है। कार्यक्रम के दौरान सभी रक्तदाताओं का सम्मान कर उनका आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर संस्था की चार्टर दीप्ति वार्ष्णेय, अध्यक्ष सीमा शर्मा, सचिव नमिता गोयल, कोषाध्यक्ष कुसुम वार्ष्णेय, कल्पना गुप्ता,मधु वार्ष्णेय आदि सदस्याएं उपस्थित रहीं


























