Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 सितम्बर। चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव पाराशर में आज दोपहर एक घर में करीब आठ फीट लंबा कोबरा सांप घुस आने से हड़कंप मच गया। घर में मौजूद लोग सांप को देखकर घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। गांव पाराशर निवासी सत्यदेव पचौरी सोमवार दोपहर अपने बच्चों के साथ घर में खाना खा रहे थे। इसी दौरान अचानक करीब सात फीट लंबा कोबरा सांप घर के अंदर पहुंच गया। सांप को देखते ही परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में इसकी सूचना वन विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग के भूरी चौधरी और केपी सिंह गांव पहुंचे। टीम ने काफी देर तक रेस्क्यू अभियान चलाने के बाद कोबरा सांप को पकड़ लिया। इसके बाद उसे एक थैले में सुरक्षित बंद कर आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ दिया गया। सांप के पकड़े जाने के बाद परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने बताया कि अधिक गर्मी और गंदगी के कारण घरों के आसपास कीड़े-मकौड़े बढ़ जाते हैं, जिनका शिकार करने के लिए सांप आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से घरों और आसपास के नालों की नियमित साफ-सफाई रखने तथा गंदगी जमा न होने देने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि घर में सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का जोखिम न लें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page