हाथरस 03 नवंबर। दीपावली का पर्व केवल अपने घरों को रोशन करने का नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने का संदेश देता है। इसी भावना के साथ निस्वार्थ सेवा संस्थान हाथरस ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। संस्थान की ओर से नियमित मासिक राशन वितरण अभियान के तहत खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ परिवारों को त्योहार के उपहार भी भेंट किए गए। निस्वार्थ सेवा संस्थान पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद परिवारों को प्रतिमाह राशन उपलब्ध कराकर उनकी सहायता कर रहा है। संस्थान के सदस्य नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को चिह्नित कर उनके घरों तक आटा, चावल, दाल, तेल, चीनी सहित अन्य आवश्यक किराना सामग्री पहुंचाते हैं। इसके साथ ही ताजे फल और हरी सब्जियां भी वितरित की जाती हैं। इस बार दीपावली के अवसर पर संस्थान ने राशन वितरण अभियान को विशेष स्वरूप दिया। जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को साड़ियां और पुरुषों को दुशाले भेंट किए गए। वहीं परिवारों को मिठाई, खील, खिलौने और घरों को रोशन करने के लिए दीपक भी वितरित किए गए। संस्थान का प्रयास रहा कि आर्थिक अभाव के चलते कोई भी परिवार दीपावली की खुशियों से वंचित न रहे।
इस दौरान संस्थान के सदस्यों ने जरूरतमंद परिवारों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग तक उसका आनंद पहुंचे। हमारे घरों में जलने वाले दीपों की रोशनी तभी पूर्ण है, जब किसी जरूरतमंद के घर का अंधकार भी दूर हो सके। किसी परिवार के चेहरे पर मुस्कान लाना, बच्चों के मन में उत्साह जगाना और बुजुर्गों को सम्मान का अनुभव कराना ही सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ सेवा संस्थान जरूरतमंद परिवारों की सहायता के अपने संकल्प को आगे भी निरंतर जारी रखेगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव निष्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सतेंद्र मोहन, अवधेश कुमार बंटी और दीपांशु वार्ष्णेय सहित संस्थान के अन्य सदस्य मौजूद रहे।










