
हाथरस 03 नवंबर। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मंगलवार, आज पुलिस कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर वहां संचालित कार्यों, अभिलेखों के रखरखाव और कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने शाखा प्रभारियों से उनके कार्यों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही अभिलेखों एवं पत्रावलियों का अवलोकन कर उनके सुव्यवस्थित रखरखाव और लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यालय में प्राप्त होने वाले शिकायती प्रार्थना पत्रों, जनशिकायतों और विभिन्न माध्यमों से आने वाले संदर्भों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन एवं जवाबदेही बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों और समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समयावधि में उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके अलावा कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, अभिलेखों को अद्यतन रखने और शासन एवं उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने को कहा।









