
सादाबाद 14 सितम्बर। जिले में सांप के डसने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। आज अलग-अलग क्षेत्रों में सांप के डसने से पांच लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें सादाबाद क्षेत्र के गांव गुडसोटी में सो रहे पिता-पुत्र भी शामिल हैं, जिन्हें एक सांप ने बिस्तर पर ही डस लिया।
सोते समय पिता-पुत्र को सांप ने डसा
सादाबाद क्षेत्र के गांव गुडसोटी निवासी अमन चौहान सोमवार सुबह करीब पांच बजे अपने चार वर्षीय बेटे रुद्र चौहान के साथ बिस्तर पर सो रहे थे। इसी दौरान एक सांप कमरे में पहुंच गया और दोनों के पैरों से लिपट गया। सांप के डसने के बाद पिता-पुत्र चीखने लगे। उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य कमरे में पहुंचे। परिजनों ने सांप को पकड़कर मार दिया और सांप के डसने से घायल अमन चौहान व उनके बेटे रुद्र को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का उपचार किया गया। सोमवार को जिले के अलग-अलग इलाकों में सांप के डसने की अन्य घटनाएं भी सामने आईं। इन घटनाओं में घायल हुए लोगों को भी उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। लगातार सामने आ रही घटनाओं के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों में सांपों को लेकर भय का माहौल है।










