
सिकन्दराराऊ (हसायन) 18 सितम्बर। हसायन थाना क्षेत्र के गांव हैथा रघुनाथपुर में घूरे पर भैंस उतारने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि तीन लोगों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और पीछा कर उसके घर में घुसकर युवक व बीच-बचाव करने आई महिला को भी पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। रवी कुमार निवासी हैथा रघुनाथपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 सितंबर की शाम वह अपने घर से खेतों की ओर जा रहा था। घूरे के पास पहुंचने पर गांव के ही विजय, महेंद्र और रेशमपाल अपनी भैंस उसके घूरे पर उतार रहे थे। रवी ने उनसे केवल इतना कहा कि पहले पूछ लिया करो। आरोप है कि इसी बात पर तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। इसी दौरान तीनों की पत्नियां भी मौके पर पहुंच गईं और सभी ने एक राय होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, वह किसी तरह जान बचाकर घर की ओर भागा, लेकिन आरोपितों ने पीछा कर घर में घुसकर दोबारा मारपीट की। मारपीट में रवी के सिर में चोट लगी, एक उंगली फ्रैक्चर हो गई और शरीर पर कई जगह गुम चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची सन्नो पत्नी नत्थीलाल के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई। आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








