Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 28 जुलाई। राया रोड पर गांव पल्हावत के निकट तेज रफ्तार अनियंत्रित टेंपो ने बाइक सवार किसान को टक्कर मार दी। हादसे में किसान महिपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर आगरा रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गांव बरामई निवासी 40 वर्षीय किसान महिपाल सिंह पुत्र रामदेव सिंह कन्हैयालाल आइस एंड कोल्ड स्टोरेज से आलू का बोरा लेकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह ग्राम पल्हावत के निकट पहुंचे, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित टेंपो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिपाल सिंह बाइक समेत सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने पर कन्हैयालाल आइस एंड कोल्ड स्टोरेज के स्वामी राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घायल महिपाल सिंह को अपनी गाड़ी से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। जांच में उनके हाथ और पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। मथुरा मार्ग पर हुई एक अन्य सड़क दुर्घटना में भूदेव सिंह नामक युवक घायल हो गए। उन्हें भी उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page