
हाथरस 03 अगस्त। खेल निदेशालय के तत्वावधान में वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित सिविल सर्विसेज खेलों के जिला, मंडल एवं प्रदेश स्तरीय चयन/ट्रायल कार्यक्रम की तिथियों में परिवर्तन किया गया है। नई तिथियों के अनुसार जिला स्तरीय चयन/ट्रायल 13 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस में आयोजित होंगे। मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल 18 एवं 19 अगस्त 2026 को प्रातः 7 बजे से अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में होंगे, जबकि प्रदेश स्तरीय चयन/ट्रायल 24 एवं 25 अगस्त 2026 को पूर्व निर्धारित स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
सिविल सर्विसेज चयन/ट्रायल के अंतर्गत लॉन टेनिस, वालीबाल, तैराकी, बास्केटबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी, शतरंज, भारोत्तोलन एवं वेस्टफिजिक, एथलेटिक्स, फुटबाल, कैरम, ब्रिज, कुश्ती, पावरलिफ्टिंग, क्रिकेट, हॉकी, खो-खो और योगासन सहित विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है। इन खेलों में जिला, मंडल और प्रदेश स्तर पर सिविल सर्विसेज टीमों के चयन के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत खिलाड़ियों को चयन/ट्रायल में शामिल किया जाएगा।
जिला स्तर पर चयन/ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए फिजिकल टेस्ट अनिवार्य होगा। खिलाड़ी को फिजिकल टेस्ट में न्यूनतम 14 अंक प्राप्त करने होंगे, तभी वह स्किल टेस्ट में भाग लेने के लिए पात्र होगा। चयन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित मानकों का पालन किया जाएगा।
विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ऑटोनॉमस बॉडी जैसे परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायत तथा पुलिस विभाग के कर्मचारी सिविल सर्विसेज चयन/ट्रायल में भाग नहीं ले सकेंगे। इसके अलावा अध्यापक एवं सहायक अध्यापक आदि भी इस प्रक्रिया में शामिल नहीं होंगे। जिला स्तरीय सिविल सर्विसेज चयन/ट्रायल में केवल पूर्ण रूप से सरकारी कर्मचारी ही भाग ले सकेंगे। उप क्रीड़ाधिकारी हाथरस काशी नरेश यादव ने खिलाड़ियों से अपने विभाग की पात्रता को ध्यान में रखते हुए ही चयन/ट्रायल में सम्मिलित होने की अपील की है।











