
हाथरस 03 अगस्त। ऐतिहासिक किला परिसर स्थित श्री दाऊजी महाराज मंदिर पर इस वर्ष श्री रेवती मईया मेला 15 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। मेले में धार्मिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी। ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री दाऊजी महाराज मंदिर में लगने वाला यह मेला भक्तों की आस्था, संस्कृति और सुहाग का प्रतीक माना जाता है। मेले को इस बार और अधिक भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अतुल आंधीवाल एडवोकेट के अनुसार मेले की भव्यता बढ़ाने के लिए मंदिर के शिखर पर आकर्षक एवं विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, वहीं विभिन्न कार्यक्रम भी श्रद्धालुओं और शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र होंगे।
मेले के आयोजन को लेकर प्रमुख समाजसेवी एवं रामदरबार मंदिर के प्रबंधक दीपक बूटिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मदनमोहन गौड़ एडवोकेट, लाफ्टर शो के संयोजक विकास भारद्वाज एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रतिनिधि बंशी पंडित के निर्देशन में मेले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में फूल बंगला, भक्ति संगीत सम्मेलन, सांस्कृतिक संध्या, नाग पंचमी पर महाभिषेक, कवि सम्मेलन, नृत्य प्रतियोगिता, भजन संध्या, खाटू श्याम संध्या, धर्म सम्मेलन, रसिया एवं क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न धार्मिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में ब्रज क्षेत्र की लुप्त होती लोक विद्याओं और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। आयोजकों ने कहा कि जनभावनाओं और जनाकांक्षाओं के अनुरूप मेले को भव्य एवं आकर्षक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। विभिन्न कार्यक्रमों के संयोजकों की घोषणा भी शीघ्र की जाएगी। साथ ही शहर के सामाजिक संगठनों, संस्थाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों से मेले में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की गई।
बैठक में मेला कोषाध्यक्ष बांके बिहारी अपना वाले, समन्वयक अनिल कश्यप, श्रीमती मंजू शर्मा, नवीन कुशवाह, आशुकवि अनिल बौहरे, ब्रह्माकुमारी भावना बहन, मनोज विजेंद्र रसिया वाले, रामगुप्ता प्रेस वाले, पूर्व सभासद अशोक शर्मा, अशोक गुड़ वाले, मुकेश जेवरी, आंशू आंधीवाल, कुनाल वार्ष्णेय गुड़ वाले, ऋषि वार्ष्णेय, डॉली पहलवान, सुरेश अग्रवाल (फेम), अनिल मशीन वाले, प्रशांत बग्गा, कैलाश चंद्र एडवोकेट, मंदिर सेवायत वेदांत चतुर्वेदी, मोहित वार्ष्णेय, दीपक रफी, विष्णु सर्राफ, हरिनाम दास सांचा, राजेंद्र चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बैठक की व्यवस्था मीडिया प्रभारी धीरज वार्ष्णेय एडवोकेट ने संभाली, जबकि संचालन डॉ. नीरज वार्ष्णेय ने किया।








