
हाथरस 10 जून । जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय आज सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव तुरतीपुर में आयोजित एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं। कार्यक्रम से वापस लौटते समय वाहन में बैठने के दौरान उनका पैर ऊबड़-खाबड़ स्थान पर पड़ गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गईं। गिरने के कारण उनके हाथ में चोट लग गई और तेज दर्द होने लगा। घटना के तुरंत बाद उनके साथ मौजूद टीम के सदस्यों ने उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिकंदराराऊ पहुंचाया। अस्पताल प्रशासन को पहले ही सूचना दे दी गई थी, जिसके चलते चिकित्सकों ने उनके पहुंचते ही उपचार शुरू कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के कुछ ही मिनटों के भीतर उनका एक्स-रे कराया गया, जिससे चोट की स्थिति का आकलन किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार बताया गया। हालांकि, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने आगे का उपचार आगरा में कराने की इच्छा जताई, जिसके बाद चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही उनके समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।






















