बैंगलोर जाने से एक दिन पहले सड़क हादसे में गई युवक की जान, आगरा-अलीगढ हाइवे पर केंटर की टक्कर से मौत

हाथरस 10 जून। हाथरस में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खंदौली निवासी 27 वर्षीय निमेष की केंटर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। खास बात यह है कि निमेष अगले ही दिन बैंगलोर जाने वाले थे। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निमेष पुत्र सतीश चंद्र, निवासी खंदौली जनपद आगरा, अपनी स्कूटी से खंदौली से हाथरस की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चंदपा क्षेत्र के गांव बिसाना के पास एक केंटर ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में निमेष के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। संयोगवश घटना के समय ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय एवं सदर विधायक अंजुला माहौर उसी मार्ग से गुजर रहे थे। हादसा देखकर उन्होंने तत्काल चंदपा पुलिस को सूचना दी तथा मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल केंटर को कब्जे में ले लिया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों के अनुसार 27 वर्षीय निमेष अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और हाथरस स्थित आशीर्वाद गार्डन कॉलोनी में अपनी बुआ के यहां किराये पर रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और करीब डेढ़ वर्ष की पुत्री राधा है। परिजनों ने बताया कि निमेष फाइनेंस का कार्य करते थे और बुधवार को ही काम के सिलसिले में बैंगलोर जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद हादसा हो गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चंदपा थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त केंटर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।






















