Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 जून।  चंदपा क्षेत्र के गांव चंदपा में वर्ष 2012 में शहीद हुए दीपक कुमार की प्रतिमा को अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग प्रतिमा स्थल पर एकत्र हो गए।

बताया जाता है कि मंगलवार रात अज्ञात व्यक्तियों ने शहीद की प्रतिमा के साथ लगी प्रतीकात्मक बंदूक का एक हिस्सा तोड़ दिया। आज सुबह शहीद दीपक कुमार के पिता हरी सिंह प्रतिदिन की भांति प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने पहुंचे तो उन्होंने बंदूक का टूटा हुआ हिस्सा देखा। इसके बाद उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रतिमा स्थल पर पहुंच गए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया तथा परिजनों से तहरीर देने को कहा, लेकिन ग्रामीण तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मामले की जानकारी मिलने पर भीम आर्मी और बहुजन समाज पार्टी के कई पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इनमें बसपा जिलाध्यक्ष राजकपूर, सादाबाद विधानसभा अध्यक्ष सोनू राणा, दिनेश भारती, मनोज वर्मा, आसिफ मलिक सहित अन्य लोग शामिल रहे। नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर प्रतिमा को तत्काल ठीक कराने तथा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई। अधिकारियों द्वारा दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। प्रशासन ने प्रतिमा की मरम्मत कराने और मामले की जांच कराने का भरोसा भी दिया। क्षेत्राधिकारी सादाबाद ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page