
हाथरस 10 जून। महिला थाना पुलिस को सदर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 23 नवंबर 2024 को अलीगढ़ जनपद की सिद्धार्थ कॉलोनी निवासी मोहित के साथ हुई थी। विवाह में उसके माता-पिता ने लगभग 15 लाख रुपये खर्च कर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, फर्नीचर एवं अन्य घरेलू सामान दिया था। विवाहिता का आरोप है कि जनवरी 2025 तक वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद उसने अपने पति मोहित को हेमा पत्नी देवेंद्र के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। जब उसने इसका विरोध किया तो पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति मोहित, सास, ननद और देवर ने मिलकर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया तथा कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता रहा। विवाहिता का यह भी आरोप है कि 14 अप्रैल 2025 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। किसी तरह जान बचाकर वह मायके पहुंची और अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






















