Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 जून। ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के श्री दाऊजी महाराज मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ बैठक कर मेले की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा विभिन्न सुझावों और विचारों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व वर्षों में आयोजित मेले की व्यवस्थाओं, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों, व्यय की धनराशि तथा टेंडर प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले की तैयारियों के लिए स्थलीय निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि आवश्यक कार्यों की रूपरेखा समय रहते तैयार की जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की अग्रिम योजना बनाई जाएगी। बैठक में मेले को अधिक व्यवस्थित और जनसुविधाजनक बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से तैयारियां सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, वरिष्ठ कोषाधिकारी, नगर पालिका परिषद हाथरस के अधिशासी अधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page